जालंधर-बटाला जीटी रोड पर अचल साहिब के पास खड़े टैंकर से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। शनिवार को यह हादसा सुबह पांच बजे हुआ। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान लवप्रीत सिंह (23) पुत्र मंगल सिंह और सुखविंदर सिंह (22) पुत्र रंजीत सिंह दोनों वासी गांव सलोचाहल के रूप में हुई है। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में लवप्रीत सिंह के ताया जोगिंदर सिंह ने बताया कि लवप्रीत सिंह और सुखविंदर सिंह दोनों दोस्त थे। दोनों प्राइवेट बस में कंडक्टर थे। शनिवार को सुबह दोनों बाइक पर ब्यास को जा रहे थे। उन्हें ब्यास से बटाला आने वाली अपनी-अपनी बस लेनी थी। दोनों जब कस्बा अचल साहिब के पास पहुंचे। वहां जीटी रोड पर एक पंचर टैंकर खड़ा था।
टैंकर की न तो पार्किंग लाइटें जल रही थी और न ही कोई विशेष सिगनल दिया गया था कि पता चल सके कि वहां कोई वाहन खड़ा है। सुबह अंधेरा होने की वजह से दोनों को सड़क पर खड़ा टैंकर नही दिखा और वह सीधा सड़क पर खड़े टैंकर से टकरा गए । टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और उनका बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
थाना रंगड नंगल के एसएचओ मुखतार सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को बटाला के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टैंकर के चालक सतकरतार सिंह पुत्र दलीप सिंह वासी दशमेश नगर अमृतसर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।