विजिलेंस द्वारा पकड़े गए एसएमओ ज्ञान सिंह को मेडिकल रिपोर्ट बदलने के मामले में जिला अदालत ने शुक्रवार को दोषी पाया।
इस पर अदालत ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई है और साथ ही 16 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। सजा सुनाए जाने के बाद उन्हें अदालत से ही जेल भेज दिया गया। वर्तमान में ज्ञान सिंह जीरा के सरकारी अस्पताल में एसएमओ के पद पर कार्यरत हैं।
मामला 2010 में जीरा (पंजाब) में सामने आया था। जीरा में दो युवकों में मारपीट का मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनों को मेडिकल के लिए फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया था। वहां एसएमओ ज्ञान सिंह ने दोनों का मेडिकल किया। इस दौरान एक युवक ने ज्ञान सिंह से रिपोर्ट बदलने के लिए कहा।
इस पर 15,000 रुपये में मेडिकल रिपोर्ट बदलने की बात तय हुई। इसके बाद ज्ञान सिंह ने मेडिकल रिपोर्ट बदल दी। इस पर दूसरे युवक ने मामले की शिकायत विजिलेंस से की।
विजिलेंस ने जांच में शिकायत को सही पाया। उस समय विभाग ने उन्हें सस्पेंड कर दिया था, लेकिन बाद में उन्हें ज्वाइन करा दिया था।