फाजिल्का जिले के सीमावर्ती गांव केरियां में मजदूरों को लेकर जा रही एक ट्रैक्टर ट्राली मंगलवार सुबह गुरुद्वारा साहिब के निकट पलट गई। हादसे में ट्राली सवार सभी मजदूर घायल हो गए।
घटना के बाद चीख पुकार सुनकर लोगों ने घायलों को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। जबकि दूसरी महिला की फरीदकोट में उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों मृतक महिलाएं सास और बहू थीं।
सिविल अस्पताल में भर्ती गांव केरियां निवासी गीता रानी ने बताया कि वह सुबह करीब सात बजे एक फार्म हाउस पर मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली गांव केरियां के निकट पहुंची तो रास्ता उबड़ खाबड़ होने के चलते ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के किनारे पलट गया।
इस हादसे में ट्रैक्टर चालक छिंदर सिंह के अलावा 6 महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गई। जिनमें से उपचार के दौरान गांव केरियां निवासी सुंदरो बाई की सरकारी अस्पताल और उसकी सास वीरो बाई की फरीदकोट में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक सुंदरो बाई के परिजनों ने आरोप लगाया कि उचित उपचार के अभाव में सुंदरो की मौत हुई है। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में नारेबाजी की। जबकि डॉक्टरों की टीम ने घायलों का तुरंत ही उपचार शुरू कर दिया था। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।