पंजाब के बठिंडा जिले में अलग-अलग स्थानों पर दो चौकीदारों की बदमाशों ने हत्या कर दी। दोनों हत्याओं के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन आए दिन शहर में हो रही वारदातों से लोग सहमे हैं। खासकर त्योहारों के सीजन में लोगों में दहशत का माहौल है।
पहला मामला गुरुवार आधी रात का है। यहां मलोट रोड पर नाम चर्चा घर के पास एक चौकीदार का धारदार हथियारों से कत्ल कर दिया गया। जहां चौकीदार की हत्या की गई, वहीं पास में एक दुकान का शटर टूटा था। इससे प्रतीत होता है कि रात के समय लुटेरे किसी वारदात को अंजाम दे रहे थे। आशंका है कि चौकीदार ने उन्हें देखकर रोकने की कोशिश की होगी, इसी के चलते बदमाशों ने तेजधार हथियारों से उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद शुक्रवार को सुबह सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड की हेल्पलाइन नंबर पर आसपास के लोगों ने सूचना दी। इस दौरान टीम के सदस्य विक्की कुमार और हर्षित चावला घटनास्थल पर पहुंचे। उधर, थाना सदर की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस की फॉरेंसिक टीम भी मौजूद रही। मृतक की शिनाख्त अजमेर सिंह (70) पुत्र इंदर सिंह निवासी गांव बुलाढे वाला के तौर पर हुई है। पुलिस कार्रवाई के बाद सहारा जन सेवा टीम ने मृतक चौकीदार की लाश पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दी है।
दूसरी घटना मानसा रोड की है। यहां जस्सी चौक के पास जेसीबी मशीनों की रखवाली करने वाले व्यक्ति की ईंट मारकर हत्या कर दी गई है। इस मामले में भी आरोपी संदिग्ध थे और ठहरने का बहाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देना चाहते थे। चौकीदार ने उन्हें रोका तो उसका बेरहमी से कत्ल कर दिया। थाना सदर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
आसपास के लोगों ने बताया कि मृतक के पास रात 11 बजे कोई व्यक्ति आया था। वह बहाना बनाने लगा कि रात को उसे ठहरने की जगह चाहिए। चौकीदार ने संदिग्ध को ठहरने नहीं दिया। इसके बाद उस व्यक्ति ने बेरहमी से कत्ल कर दिया। मृतक की शिनाख्त गुरदास सिंह (47) पुत्र हरदयाल सिंह निवासी धोबियाना बस्ती के तौर पर हुई है। सहारा टीम ने मृतक गुरदास सिंह का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है लेकिन हत्यारोपी का खुलासा नहीं हो सका है।