हादसे के दौरान दोनों बाइक पर सवार दो युवतियों समेत चार लोग मामूली घायल हो गए। बाइक को टक्कर मारने वाला कार चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। जब आसपास मौजूद लोग घायलों को उठाने के लिए बीच सड़क पर आए तो इसी दौरान बाघापुराना की ओर से मोगा आ रही एक स्विफ्ट कार ने घायलों समेत सात लोगों को कुचल दिया।
हादसे में हरप्रीत सिंह (33) निवासी गांव चंदपुराना और पूजा शर्मा (20) निवासी गांव सिंघावाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पूजा का भाई अभिषेक (18), सिमरनजीत कौर (20) निवासी सिंघावाला, राम कुमार निवासी बाघापुराना, गुरप्रीत सिंह, थाना सिंह निवासी फतेहगढ़ कोरोटाणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच अधिकारी का कहना है कि फिलहाल चश्मदीद चरनजीत सिंह के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं अभिषेक उसकी बहन पूजा शर्मा और पड़ोस में रहने वाली सिमरनजीत कौर मोगा में एक हेल्थ क्लब में नौकरी करते थे।
हालत गंभीर होने पर सिमरनजीत कौर को फरीदकोट और अभिषेक को लुधियाना रेफर कर दिया गया। इन चारों के अलावा इनकी मदद के लिए बीच सड़क आए राहगीर थाना सिंह, राम कुमार और घटनास्थल के निकट टायरों का काम करने वाले गुरप्रीत सिंह को मोगा के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।