चंडीगढ़ के सेक्टर-45/46/49/50 लाइट प्वाइंट के नजदीक बीते 14 जनवरी को एक टेम्पो-ट्रैवलर नंबर (पीबी01ए-7552) के चालक ने बाइक नंबर (पीबी65सी-4947) पर सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर दोनों को पुलिस ने जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत पाया, जबकि दूसरे की दस घंटे के भीतर मौत हो गई।
मृतकों में उत्तराखंड के जिला टिहरी गढ़वाल के गांव पुजुर्गसन निवासी 27 वर्षीय गंभीर प्रसाद और कोपवली नागिनी भट्टू सेन निवासी 42 वर्षीय दविंदर हैं। पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। इससे पहले पुलिस ने घटनास्थल की भी जांच की। जांच में पता लगा कि बाइक चालक गंभीर प्रसाद ने हेलमेट पहना था, लेकिन बाइक पर पीछे दोस्त दविंदर बगैर हेलमेट के सवार था।
गंभीर प्रसाद का हेलमेट भी पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें लगीं। पुलिस जांच में पता लगा कि गंभीर प्रसाद और दविंदर शादी व अन्य पार्टियों में बतौर वेटर काम करते थे। हादसे के वक्त दोनों शराब या अन्य किसी नशे में नहीं थे। पुलिस ने जांच के बाद टेम्पो ट्रैवलर के चालक पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चालक पंजाब के जिला होशियारपुर का रहने वाला बहादुर सिंह है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया।