परिजनों के बयान दर्ज करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर-श्रीगंगानगर रोड पर स्थित गांव मौजगढ़ के नजदीक गुरुवार देर रात्रि को नींबू से लदा एक कैंटर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में कैंटर सवार दो लोगों की मौत हो गई। थाना खुईयां सरवर पुलिस ने दोनों शवों को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में मारे गए एक युवक के भाई की पहले ही सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है और उसका बेटा भी दिव्यांग है।
जानकारी के अनुसार गुरदासपुर के गांव कसजी निवासी बलराज (40) पुत्र दलीप कुमार और कैंटर मालिक गांव भूबिंया निवासी पलविंदर सिंह (35) पुत्र महेंद्र सिंह गुरुवार देर रात कैंटर में नींबू लादकर राजस्थान से जालंधर जा रहे थे। जब उनका कैंटर गांव मौजगढ़ के निकट पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। इससे दोनों की मौके पर मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। थाना खुईयां सरवर की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। सरकारी अस्पताल में मौजूद बलराज के ममेरे भाई सर्बजीत सिंह व पलविंदर सिंह की माता कश्मीर कौर ने बताया कि यह दोनों पिछले 20 वर्षों से कैंटर चला रहे थे।
पलविंदर के बड़े भाई की भी एक वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। जबकि उसका पोता दिव्यांग है। उसके दोनों बेटों की मौत होने से अब हम लोगों का पालन-पोषण करने वाला कोई नहीं बचा। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की।