युवकों से आइसक्रीम के पैसे मांगना नौजवान को भारी पड़ा। उन्होंने उसे खौफनाक सजा दे दी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पंचकूला के रैली चौक पर बीते माह आइसक्रीम बेचने वाले युवक की हत्या करने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम आशीष और अजीत हैं जबकि उनका तीसरा साथी हैप्पी फरार है। पंचकूला क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएचओ के अनुसार दोनों बालिग हैं। यह सेक्टर-16 स्थित आशियाना के रहने वाले हैं।
महज तीस रुपये के लिए की थी हत्या
क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि इन आरोपियों ने महज 30 रुपये के लिए आइसक्रीम बेचने वाले की हत्या कर दी थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हत्या की रात 23 जून को पहले तीन लोगों ने विमल किशोर को रोककर उससे आइसक्रीम खाई। विमल ने जब उन आरोपियों से आइसक्रीम के पैसे मांगे तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया।
इसके बाद उनकी विमल से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ा तो युवकों ने चाकू निकाल लिया और विमल की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी। युवकों ने दो वार उसके हार्ट के पास किए और दो वार पीठ पर। हार्ट के पास वार किए जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
रविवार को करेंगे अदालत में पेश
इन दोनों आरोपियों को पुलिस रविवार को अदालत में पेश करेगी। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इसके साथ पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि तीसरे आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
जब घटना हुई तो उस समय चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों की तस्वीर कैद हो गई थी। डीसीपी अनिल धवन ने बताया कि इन तस्वीरों के माध्यम से पुलिस को पूरी जानकारी मिल सकी। उन्होंने कहा कि विमल किशोर की हत्या करने के तीसरे आरोपी को भी पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।
स्नैचिंग की वारदात पर होगी पूछताछ
पुलिस को इन दोनों आरोपियों पर स्नैैचिंग की वारदातों में शामिल होने का शक है। रिमांड के दौरान आरोपियों से स्नैचिंग की वारदात के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।