एमडीयू प्रशासन ने अजब फरमान जारी किया है। 22 जनवरी को यह बताया गया कि एमएड की क्लास एक जनवरी से लगेंगी। कुलपति एच. एस. चहल की मंजूरी के बाद यह समय सारिणी जारी की गई है।
समय सारिणी को बैक डेट से मंजूरी मिली है। इसका जवाब किसी के पास नहीं है कि छात्रों की 22 दिन की जो पढ़ाई नहीं हुई, उसका जिम्मेदार कौन है। एमएड की काउंसिलिंग पूरी होने केबाद समय सारिणी जारी की गई है।
रजिस्ट्रार डॉ. एसपी वत्स ने बताया कि एमएड प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं एक जनवरी 2015 से 3 मार्च 2015 तक लगेंगी। 4 से 8 मार्च 2015 तक अवकाश रहेगा। 9 मार्च से कक्षाएं शुरू हो 29 अप्रैल तक चलेंगी।
थ्यौरी परीक्षा एक मई 2015 से शुरू होगी। 18 मई से 30 जून तक गर्मियों का अवकाश रहेगा। दूसरे सेमेस्टर की कक्षाएं 1 जुलाई से 7 नवंबर तक लगेंगी। 8 से 14 नवंबर तक अवकाश रहेगा। 16 नवंबर से फिर कक्षाएं शुरू होंगी, जो 30 नवंबर तक लगाई जाएगी। थ्यौरी की परीक्षाएं 1 दिसंबर 2015 से शुरू होंगी।