पाकिस्तानी तस्करों से सीधे संबंध
एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा की देखरेख में एसीपी सरबजीत सिंह बाजवा के नेतृत्व में सीआईए-3 की टीम ने नाकेबंदी करने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पाकिस्तान के तस्कर शाह और अमेरिका में रहने वाले मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा के सीधे संपर्क में थे। आरोपी ड्रोन से नशे की तस्करी करते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों से बरामद हेरोइन की खेप पाकिस्तानी तस्करों ने भेजी थी।
मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा के दो साथियों को 31 को किया था काबू
एडीसीपी सिटी-3 अभिमन्यु राणा ने बताया कि मनप्रीत उर्फ मन्नू मुहावा के दो साथियों को 31 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने गुरु की वडाली निवासी संदीप सिंह उर्फ लाडी और हेर गांव निवासी रोशन को गिरफ्तार कर उनके पास से 19 किलो हेरोइन, 23 लाख रुपये की ड्रग मनी, सात पिस्तौल, नोट गिनने वाली मशीन, ड्रोन के पार्ट और एक रिमोट बरामद किया था। आरोपियों के कब्जे से एक कार बरामद करने के बाद पुलिस ने इस्लामाबाद थाने में केस दर्ज किया था।