बरनाला-बठिंडा मुख्यमार्ग पर बुधवार सुबह सड़क हादसे में तीन फैक्टरी कर्मियों की मौत हो गई। तीनों स्टैंडर्ड कंबाइन फैक्टरी में कार्यरत थे और तैयार होकर गांव खुड्डी से ड्यूटी के लिए एक ही बाइक पर जा रहे थे।
रास्ते में खुड्डी चौक के पास उन्हें पीआरटीसी बस ने कुचल दिया। थाना सिटी कोतवाली के इंचार्ज कुलदीप सिंह विर्क ने बताया कि अनिल यादव निवासी मंगलापुर, जिला कानपुर यूपी, मेला राम निवासी गांव जोधपुर, बरनाला और पप्पू कुमार निवासी जिला गाजीपुर यूपी बाइक पर गांव खुड्डी के रोड से मेन रोड पर चढ़ रहे थे कि तेज रफ्तार बस ने उन्हें चपेट में ले लिया।
उधर घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय किसान यूनियन डकौंदा की अगुवाई में मृतकों के परिजनों ने बठिंडा-बरनाला मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। किसान नेता जसविंदर सिंह व मृतकों के परिजन आरोप लगा रहे थे कि
उन्होंने पुलिस को बस का नंबर भी दे दिया है, लेकिन पुलिस जानबूझकर आरोपी को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेताया कि जब तक बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार नहीं किया जाता व फैक्टरी मालिक पीड़ित परिवारों को मुआवजा नहीं देता तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
बढ़ते तनाव को देखते हुए डीएसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा, तहसीलदार जसवंत राय, स्टैंडर्ड कंबाइन के मालिक नछत्तर सिंह को लेकर मौके पर गए। नछत्तर सिंह ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने का भरोसा दिलाया जबकि डीएसपी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि पीआरटीसी की बस के चालक के खिलाफ मामला दर्र्ज कर लिया गया है। आज शोक के तौर पर स्टैंडर्ड कंबाइन फैक्टरी बंद रखी गई।