दिनदहाड़े चोरों ने शहर में अलग-अलग जगह तीन मकानों के ताले तोड़ डाले। यहां से चोरों ने ज्वैलरी समेत नगदी पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की पहली घटना सेक्टर सात में हुई। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के कर्मचारी बिश्नलाल ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए सेक्टर-11 गए थे।
वापस आए तो मकान का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा हुआ था। बिश्नलाल ने बताया कि चोर घर से आठ तोला सोने के गहने और 57 हजार नगदी ले गए।
चोरी की दूसरी घटना सेक्टर-27 में हुई। सेक्टर-27 निवासी मीनाक्षी गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह घर से बाहर गईं हुई थीं। लौटकर आईं तो मकान के ताले टूटे पड़े थे। चोर घर से तीन हजार नगदी पर हाथ साफ कर गए।
तीसरी घटना सेक्टर-23 में हुई। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की कर्मचारी संगीता ने बताया कि वह ड्यूटी पर गईं हुई थीं। शाम को लौटी तो मकान के ताले टूटे देखे। अलमारी का सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। संगीता ने बताया कि चोर घर से तीस हजार नगदी, एक सोने की चेन, एक जोड़ी कानों की बाली समेत अन्य कीमती सामान ले गए हैं। पुलिस ने चोरी के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।