संगरूर हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब माथा टेकने जा रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में दो भाइयों व उनकी माता की मौत हो गई। जबकि उनके पिता को गंभीर हालत में संगरूर से पटियाला रेफर कर दिया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मस्तुआना साहिब के समीप हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्राले को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी मुताबिक मुजफ्फरनगर निवासी 54 वर्षीय नरमोहन सिंह, पत्नी जसविंदर कौर और बेटों लवदीप व मनदीप सिंह के साथ अपनी कार में मुजफ्फरनगर से गुरुद्वारा श्री दमदमा साहिब माथा टेकने जा रहे थे। जब वह मस्तुआना के करीब पहुंचे तो एक एक ट्राले को क्रास करते हुए कार खड़े ट्राले के पीछे भिड़ गई।
हादसे में लवदीप सिंह, मनदीप सिंह सहित उनकी मां जसविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरमोहन सिंह को पहले संगरूर सिविल अस्पताल लाया गया। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत पटियाला रेफर कर दिया। घटनास्थल के समीप मौजूद बड़रुखां चौकी से पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मामले के जांच अधिकारी गुरजीत सिंह ने कहा कि मृतकों के रिश्तेदारों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।