पंजाब के जालंधर में दर्दनाक हादसे में तीन दोस्तों की जान चली गई, वहीं एक की हालत नाजुक बनी हुई है। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोर की थी कि कार के परखच्चे ही उड़ गए। जानकारी के मुताबिक, जालंधर-अमृतसर हाईवे पर चार दोस्त कार में बार बना तेज रफ्तार से अमृतसर से जालंधर आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार अमृतसर से चार दोस्त बुधवार देर रात जालंधर लौट रहे थे। कार की स्पीड बहुत तेज थी। चारों नशे में धुत थे। नशे में होने के कारण उनकी इंडिका कार पठानकोट चौक के पास डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद चारों को कार से निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सोनू, नरेश व पवन कुमार, तीनों निवासी अमृतसर के रूप में हुई है।
घायल की पहचान आकाशदीप, निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। जिन तीन युवकों की मौत हुई है उनकी उम्र 25 से 27 साल के बीच है। आकाशदीप की उम्र 19 साल बताई जा रही है। दो युवक नरेश और पवन की शादी हो चुकी है।
ऐसा लगा मानो बम फट गया
हादसे में घायल आकाश का कहना है कि वह कार की रफ्तार बहुत तेज थी। दूसरी कार से टक्कर होने से बचने के लिए जब उन्होंने अपनी कार को घुमाया तो रफ्तार ज्यादा होने के कारण कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। कार के डिवाइडर से टकराते ही ऐसा धमाका हुआ कि बम फट गया हो। उनके तीनों दोस्त निढाल पड़े थे। ऐसा लगा कि अब वह भी नहीं बचेंगे। थाना नंबर 8 के एएसआई किशोर कुमार का कहना है कि कार सवार चारों युवक नशे में थे। पुलिस ने 174 की कार्रवाई करके शव परिजनों को सौंप दिए हैं।