पंजाब के गुरदासपुर में हाईजैक की गई कार और टाटा सूमो
- फोटो : अमर उजाला
गुरदासपुर के बब्बरी बाइपास पर टाटा सूमो सवार तीन बदमाशों ने ड्राइवर को घायल करके स्विफ्ट कार छीन ली और फरार हो गए। घायल ड्राइवर की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इस पर बदमाश टाटा सूमो और लूटी गई कार छोड़ कर फरार हो गए। खास बात यह है कि लूटी गई कार सीमावर्ती इलाके से बरामद हुई और उसके दो टायरों की हवा निकली थी।
पुलिस के अनुसार प्रदीप सैनी पुत्र राम लाल सैनी निवासी खानपुर चौक पठानकोट टैक्सी चालक है। शनिवार को वह यात्रियों को पठानकोट से अमृतसर छोड़ने के लिए गया था। शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से पठानकोट लौट रहा था। गुरदासपुर के बब्बरी बाईपास के पास सामने से आ रही एक टाटा सूमो उसकी कार के आगे आकर रुक गई। टाटा सूमो में तीन युवक सवार थे।
सूमो से दो युवक उतरे और रिवायती औजार ( जमीन खुदाई में इस्तेमाल होने वाले) से हमला कर दिया। प्रदीप को घायल करने के बाद दो युवक उसकी गाड़ी में सवार हो गए और एक युवक टाटा सूमो में सवार होकर वहां से फरार हो गए। घायल प्रदीप ने घटना की सूचना पास के नाके पर तैनात पुलिस मुलाजिमों को दी। पुलिस को सूचना मिलते ही पूरे इलाके में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया और लुटेरों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी गई।