नन्हें शातिरों ने कोसली में बैंक से पेंशन निकलवाने आए एक पूर्व सैनिक से थोड़ी दूरी पर ही हजारों रुपये की नकदी भरा बैग छीन लिया।
बुजुर्ग की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बता दें कि करीब साल भर पूर्व कोसली पुलिस ने 60 हजार की नकदी छीनकर भाग रहे दो बच्चों को पकड़ा था। मामला हरियाणा के कोसली का है।
गांव जुड्डी निवासी कालूराम पूर्व सैनिक हैं और सोमवार को कोसली स्थित सेंट्रल बैंक में अपनी पेंशन लेने आए थे। पेंशन के 16 हजार रुपये लेकर वह बैंक से अभी कुछ कदम दूर ही पहुंचे होंगे कि दो बच्चों ने हाथ से नकदी भरा बैग छीन लिया। पूर्व सैनिक ने शोर मचाया लेकिन बच्चे भाग निकले। कोसली थाना पुलिस ने कालूराम की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बैंक के अंदर भी घूम रहे थे बच्चे
कालूराम और बैंक के कुछ लोगों ने भी बताया कि बच्चे कुछ देर पहले बैंक में ही टहल रहे थे। इससे साफ है कि नन्हें कितने शातिर हैं। वह बैंक में ही अपने शिकार की तलाश करते हैं और उसके बाद बैंक से चंद कदमों की दूरी पर ही अपना शिकार बना देते हैं।
नरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, कोसली थाना ने बताया कि पूर्व सैनिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चों की तलाश की जा रही है।