सेक्टर-44 में सेना के एक कैप्टन के बंद मकान में चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण और इलेक्ट्रानिक का सामान चोरी कर लिया।
सेक्टर-34 पुलिस ने कैप्टन आरएम चौधरी की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह 7 अगस्त को ग्राउंड फ्लोर स्थित अपने घर को ताला लगाकर दिल्ली गए थे।
9 अगस्त की देर शाम को जब वह घर वापस लौटे तो ताला टूटा हुआ था और घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। चौधरी ने बताया कि कुल 2 लाख 84 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि एक सोने का सेट, इयररिंगज, झुमके, मल्टी कलर पालकी, दो हीरे की अंगूठी, सोने के टाप्स, एक 10 हजार रुपये की घड़ी और एक डिजीटल कैमरा घर से गायब है।
सूचना मिलने पर मौके पर सेक्टर-34 पुलिस थाना प्रभारी राजेश शुक्ला भी पहुंचे। मालूम हो कि पिछले माह सेक्टर-23 के सरकारी मकान में 16 तोला सोना चोरी हो चुका है जिसका पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है।