कंप्यूटर पार्ट्स की दुकान से तीन अज्ञात शख्स 3 लाख रुपये का सामान और नकदी चुरा कर ले गए। तीनों चोरों की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह तड़के सेक्टर 44 में स्थित कंप्यूटर पार्ट्स की दुकान से चोर 2.5 लाख रुपये का सामान व 75 हजार रुपये नकद चुरा कर ले गए। दुकान के मालिक डिंपल सिंगला ने बताया कि चोरी का पता उन्हें शाम को चला। डिंपल सिंगला ने बताया कि रविवार होने के चलते उन्होंने दुकान सुबह नही खोली थी।
शाम को करीब 6 बजे वह दुकान खोलने के लिए आए तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था। जब अंदर जा कर देखा तो सारा सामान जमीन बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत 100 नंबर पर फोन कर चोरी की सूचना दी।
वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची व क्राइम सीन का मुआयना किया। मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाकर भी फिंगर प्रिंट आदि इकट्ठे किए। पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नही हुई है।