पुलिस के अनुसार, दंपती ने खुलासा किया है कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात पीजीआई के बाहर एक शख्स से हुई थी। इस दौरान शख्स ने उनसे कहा कि उन्हें एक बच्चा चाहिए। यदि कोई उन्हें बच्चा लेकर आता है तो उसके एवज में वह एक लाख रुपये देंगे। हालांकि, पुलिस पूछताछ में दंपती ने उस शख्स के नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस अब उनसे सख्ती से पूछताछ करेगी, ताकि पूरे रैकेट का खुलासा हो सके।
मोबाइल डिटेल से खंगाल रही है रिकॉर्ड
पुलिस आरोपी सज्जन के मोबाइल के नंबरों का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि पता चल सके आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था। साथ ही पुलिस इस गिरोह में और भी लोगों के जुड़े होने के एंगल पर भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को सोमवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि मामले में और खुलासा हो सके।
इन एंगल पर जांच
- पीजीआई में मिलने वाला शख्स कहीं किसी मानव तस्करी से तो नहीं जुड़ा
- कहीं दंपती पुलिस को गुमराह तो नहीं कर रहे
- किसी महिला को बच्ची की जरूरत तो नहीं
- आसपास के थानों से भी रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस
8 से 10 से बच्चे लापता
बता दें कि जुलाई से लेकर अब तक शहर के अलग-अलग थाना के अंतर्गत करीब 8 से 10 बच्चे लापता हो चुके हैं। इनकी उम्र 9 साल से लेकर 17 वर्ष के बीच है। इनमें से कई को पुलिस ने तलाश भी लिया था, जबकि कई अभी भी लापता है।