सीआईए स्टाफ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान फार्चूनर गाड़ी से चार ग्राम हेरोइन बरामद की है। चालक के खिलाफ थाना कोट ईसेखां में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर पुलिस ने गाड़ी भी कब्जे में कर ली है। यह गाड़ी ईटीटी अध्यापक यूनियन के सूबा प्रधान एवं शिरोमणि अकाली दल धार्मिक के नेता जसविंदर सिंह सिद्धू की बताई जाती है।
सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया कि थाना कोट ईसेखां के अंतर्गत गांव महिल कलां के पास नाकाबंदी के दौरान जीरा साइड से आ रही फार्चूनर गाड़ी रोकी गई। तलाशी लेने पर गाड़ी से चार ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस पर चालक गुरप्रीत सिंह उर्फ सोनू टक्कर निवासी कोट ईसेखां खिलाफ को गिरफ्तार कर गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई।
उधर, ईटीटी अध्यापक यूनियन के सूबा प्रधान जसविंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि गुरप्रीत सिंह उर्फ सोनू उसकी गाड़ी विवाह में जाने के लिए मांग कर ले गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस उनकी गाड़ी घर से ले कर गई है। इस मामले में उनके विरोधियों की साजिश है।
इसके अलावा थाना चड़िक पुलिस ने बर्गर का कारोबार करते जगसीर सिंह निवासी गांव चड़िक को गिरफ्तार कर उसके पास से 50 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है। नारकोटिक सेल फिरोजपुर रेंज पुलिस ने थाना कोट ईसेखां के अंतर्गत गांव गलोटी के पास से 25 ग्राम हेरोइन बरामद कर सुखपाल सिंह गांव गलोटी खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार होने में सफल हो गया।