तरनतारन में जिम मालिक की हत्या
- फोटो : फाइल
तरनतारन के गांव घरियाला में सोमवार रात को जिम मालिक रणजीत सिंह की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह हत्या मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिल कर की थी। पुलिस ने रणजीत की पत्नी बलजीत कौर को गिरफ्तार कर उसके प्रेमी महावीर सिंह और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।
तरनतारन के थाना सदर पट्टी के अंतर्गत आते गांव घरियाला में सोमवार देर रात एक जिम मालिक रणजीत सिंह की दो अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
यह भी पढ़ें: तरनतारन में ट्रिपल मर्डर, पति-पत्नी समेत तीन लोगों की बेरहमी से हत्या, सभी के मुंह पर लगी थी टेप
रणजीत सिंह पुत्र मलूक सिंह निवासी गांव घरियाला करीब आठ साल तक विदेश में नौकरी करने के बाद सात माह पहले ही गांव लौटा था और जिम चलाता था। जब रणजीत को गोली मारी गई तब वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ कमरे में सो रहा था। अब पुलिस की जांच में पूरी सच्चाई सामने आ गई है।
दरअसल, रणजीत की पत्नी का अफेयर चल रहा था। इससे अनजान रणजीत सिंह ने 8 साल तक विदेश में पैसा कमाकर गांव में नया जिम खोला था। अपने देश में ही मेहनत कर जिंदगी गुजारने का सपना लेकर 38 वर्षीय रणजीत 7 महीने पहले विदेश से लौटा था।
सोमवार रात डेढ़ बजे पत्नी के प्रेमी महावीर सिंह ने घर में घुसकर रणजीत सिंह पर चार फायर किए। छाती और गले में गोली लगने से रणजीत की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रणजीत की पत्नी बलजीत कौर को गिरफ्तार कर महावीर सिंह और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।