थाना अजनाला पुलिस ने गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के नाम पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी युवक ने खुद को गैंगस्टर भगवानपुरिया का साथी बताते हुए लाली फगवाड़िया होने का दावा किया और कहा कि तीन दिनों में पैसे नहीं दिए तो गंभीर परिणाम भुगतना होगा।
अजनाला थानाक्षेत्र के गांव चमियारी निवासी अवतार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अक्टूबर की रात करीब 9.14 बजे उसके मोबाइल पर +351931426422 नंबर से व्हाट्सएप काल आई और काल करने वाले कहा कि वह जग्गू भगवानपुरिया का साथी बोल रहा है। इसके बाद आरोपी ने उससे दस लाख रुपये रंगदारी मांगी और कहा कि तू उसे (भगवानपुरिया) छोड़ मैं लाली फगवाड़िया बोल रहा हूं। पहले तो उसने इस पर ध्यान नहीं दिया। मगर इसके बाद फिर से उसे फोन आने लगे।
अवतार सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कहा कि वह तीन दिन का समय दे रहा है। अगर इस दौरान उसे रंगदारी नहीं दी तो खतरनाक परिणाम भुगतना होगा। आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा कि रंगदारी नहीं देने पर चौथे दिन उसे फोन नहीं आएगा बल्कि लाहौरिया ही आएगा। पता भी नहीं चलेगा कि कहां और किस समय ठां.ठां. हो जाए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।
एसएसपी देहाती सतिंदर सिंह ने बताया कि इसमें अजनाला थाने में फिलहाल अज्ञात के विरुद्ध आईपीसी की धारा 384, 387 और 506 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस साइब्र क्राइम विंग की मदद से फोन करने वाले का पता लगाने के प्रयास कर रही है।