बठिंडा में तांत्रिक पिता ने मार डाले अपने दो बच्चे
जिसने उंगली पकड़कर चलना सिखाया, वहीं बाप दरिंदा बन गया। उसने अपनी मां के साथ मिलकर अपने मासूम बेटे और बेटी को तड़पा तड़पा कर मार डाला। घटना पंजाब के बठिंडा की है। गांव कोटफत्ता में बुधवार को अंधविश्वास में तांत्रिक दादी और पिता ने मिलकर अपने दो मासूम बच्चों को पीटा, फिर करंट लगाकर उनका कत्ल कर दिया। वहीं बच्चों की मां की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने देर शाम आरोपी दोनों गांव कोटफत्ता निवासी निर्मल कौर और उसके बेटे कुलविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी स्वपन शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी तांत्रिक हैं। आरोपियों को शक था कि बच्चों में भूत है, इसलिए उन्होंने अपने मासूम बच्चों का कत्ल कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दोनों बच्चों रणजोत सिंह (5) और अनामिका (3) को जबरन एक कमरे में बंद कर लिया।
इसका उनकी मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे भी पीट डाला। वे कुछ मंत्रों का जाप करने लगे। पिटाई के बाद मासूम बच्चे बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनको करंट भी लगाया, जिससे उनकी मौत हो गई। बाद में उन्हें जीवित करने के लिए मुंह में ट्यूब लाइट तोड़कर कांच भी डाला गया। इस दौरान लगातार बच्चों की मां के चीखने की आवाजें आने के बाद गांव के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना के बारे में जानकर पुलिस भी दंग रह गई।जब तक पुलिस पहुंची तब तक देरी हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलदीप सिंह सोही ने बताया कि बच्चों की मां और बुआ की हालत गंभीर बनी है, जिनको डाक्टरी सहायता दी जा रही है।
अकसर घर पर आते जाते थे तांत्रिक, बेटा था अंधभगत
बठिंडा में तांत्रिक पिता ने मार डाले अपने दो बच्चे
पुलिस को दी शिकायत में मृतक बच्चों की मां ने बताया कि उसकी साथ निर्मल कौर और पति कुलविंदर सिंह दोनों तांत्रिक हैं और उनके अन्य तांत्रिकों के साथ संबंध हैं। तांत्रिक अक्सर उनके घर आते जाते रहते थे क्योंकि, महिला खुद को एक शक्ति समझती थी। उसका बेटा कुलविंदर उसका भगत बना हुआ था और दोनों मिलकर तंत्र विद्या के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाते थे।
मंगलवार रात निर्मल कौर (55) ने सिद्धि प्राप्त करने का एलान किया और इसके लिए बच्चों की बलि देने की योजना बनाई। इस काम के लिए उसने अपने बेटे के साथ मिलकर पोता-पोती को चुना। साथ ही सभी को भरोसा दिया कि वह बलि लेने के बाद बच्चों को जिंदा कर देगी।
...मैं भी आहत हूं इस घटना से, सख्त कार्रवाई होगी
यह बहुत घिनौना काम है, मैं खुद इसे देखकर आहत हुआ हूं। दोनों आरोपी मां-बेटे को अरेस्ट कर लिया गया है। सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची थी। बच्चों की मां और बुआ की हालात बेहद खराब है, जिन्हें डॉक्टरी सहायता दी जा रही है। ^
- स्वप्न शर्मा, एसएसपी