बेटे की चाहत में एक दंपति से नौ लाख रुपये की ठगी हो गई। दंपति की शिकायत पर जालंधर के डॉक्टर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामला पंजाब के बसी पठाना (फतेहगढ़ साहिब) का है।
पुलिस को दी गई शिकायत में दंपति ने बताया कि उनकी 11 साल की बेटी है। वे बेटा चाहते थे, लेकिन बेटी के बाद उनके पास कोई औलाद नहीं हुई। उन्होंने कई जगह अपना इलाज करवाया।
इसके बाद किसी के बताने पर वह जालंधर स्थित अस्पताल में बेटा होने की शर्तिया दवा लेने पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बेटा पैदा होने के दावे के साथ उनका इलाज शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक छह जून 2014 को डॉक्टर ने इलाज शुरू किया। डॉ. ने उनसे आधी रकम पहले ले ली थी। एक साल के अंदर डॉक्टर के मांगने पर कई बार उन्होंने दो-दो लाख रुपये उन्हें दे दिए। साल भर बाद भी दंपति को लड़का पैदा होने की उम्मीद नहीं जगी।
दंपति ने जब डॉक्टर के पास जाकर इलाज सही न होने की बात कहीं तो वह उनके साथ बदसलूकी करने लगा। इलाज पूरा न होने पर उनके पैसे भी नहीं लौटाए।
दंपति ने 11 मई 2015 को जिला पुलिस प्रमुख को शिकायत दी। पुलिस ने जांच के बाद शनिवार को डॉक्टर के खिलाफ मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत 420 का मामला दर्ज कर लिया है।