सेक्टर 42 स्थित बैंक में पैसे जमा कराने गए युवक को धोखा देकर दो अज्ञात युवक 46 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। पुलिस पीड़ित के बयान की वेरिफिकेशन कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 45 निवासी दीपक (18) सेक्टर 42 के एसबीआई में सुबह करीब 10.30 बजे अपने मालिक द्वारा दिए गए 46 हजार रुपये जमा करवाने गया था।
पीड़ित ने बताया कि उसको बैंक के बाहर दो युवक मिले और उन्होंने उसको कुछ सुंघाकर उसकी जेब से 46 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि पीड़ित यह भी कह रहा है कि आरोपी उसको एक रुमाल में बंधे हुए नोट के साइज के कागज थमा गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि पीड़ित रुमाल में बंधे हुए कागज नहीं दिखा पाया है।
दीपक सेक्टर 61 में एक डिपार्टमेंटल स्टोर पर पिछले दस महीनों से काम कर रहा था। उसके मालिक प्रमोद ने ही उसको 46 हजार रुपये बैंक में जमा करने को दिए थे। सेक्टर 36 पुलिस स्टेशन के एसएचओ राम दयाल ने बताया कि उन्होंने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक कर लिए न तो उसमें दीपक के साथ कोई युवक दिखा है।
दीपक को साथ ले जा कर आसपास दुकानदारों से भी पूछ लिया है लेकिन किसी ने भी पीड़ित के साथ किसी युवक को देखने को बात नहीं कही है। एसएचओ का कहना है कि वे पीड़ित के बयानों की वेरिफिकेशन कर रहे हैं, उसके बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।