पठानकोट रेलवे स्टेशन पर मिला ड्रग्स से भरा लावारिस बैग
- फोटो : अमर उजाला
पठानकोट रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग मिलने से लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस अफसरों के भी हाथ पैर फूल गए। आनन फानन में बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। टीम ने बैग खोलकर देखा तो सभी के होश उड़ गए। बैग में गांजा भरा हुआ था, जो दो किलो के करीब था।
जीआरपी थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात फोन आया कि स्टेशन पर बेंच के साथ रस्सियों से एक बैग बंधा हुआ है। पूछताछ किए जाने पर बैग के मालिक का पता नहीं चला। खबर मिलते ही वे पूरी टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। चेकिंग की गई तो बैग से गांजा मिला।
फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है। स्टेशन पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी तरह की संदिग्ध चीज दिखते ही पुलिस को बताने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। ये किसी शरारती तत्व की हरकत है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।