बजीदा रोड़ान के एक युवक ने तीन पेज का सुसाइड नोट लिखकर शहर के नमस्ते चौक के समीप हाथ सहित शरीर के अन्य जगहों की नसें काट ली। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
सिटी थाना पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के मजबूर करने पर मृतक रमेश की पत्नी किरण, साला प्रवीन, सास धूपली व मीनाक्षी सभी वासी सेक्टर-9 व देवेंद्र उर्फ रिंकू वासी कुरुक्षेत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। सिटी थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि धारा 306 के तहत दर्ज केस में पत्नी किरण और साला प्रवीन को सेक्टर-9 से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रमेश वासी बजीदा रोड़ान की शादी सेक्टर-9 वासी किरण से हुई थी। रमेश पहले इंग्लैड में रहता था और अब कई साल से दिल्ली में जॉब करता था। किसी बात को लेकर पति-पत्नी सहित ससुराल पक्ष के लोगों में तकरार बढ़ गई। रमेश ने आत्महत्या करने से पहले तीन पेज का एक सुसाइड नोट लिखा।
इसमें ससुराल पक्ष के लोगों को दोषी ठहराया है। रविवार को नमस्ते चौक के समीप नसें काटने से उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में सिटी थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि रमेश ने आत्महत्या की है। इसके पास एक बैग था और इसमें कपड़े थे। कपड़ों की एक जेब में यह सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने सुसाइड नोट में जिन-जिन के नाम उल्लेख किये हुए थे उन पर कार्रवाई की है। इस मामले में दो आरोपी किरण व प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।