एक विवाहिता ने ससुरालियों की मारपीट से तंग आकर नहर में कूद कर जान दे दी। मृतका का शव रविवार शाम राजस्थान स्थित लौहगढ़ वाला हैड से बरामद हो गया है।
इस मामले में पुलिस ने विवाहिता के पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या को मजबूर करने का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
ससुराली करते थे मारपीट
पुलिस को दिए ब्यान में मृतका के पिता व गांव फिड्डे कलां निवासी बुधा सिंह ने बताया कि उसकी बेटी गुरप्रीत कौर का विवाह गांव मचाकी कलां निवासी मंगा सिंह के साथ हुआ था।
पिछले कुछ समय से ससुराल परिवार में उसकी बेटी को बिना वजह तंग किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
घटना वाले दिन 19 जून को मंगा सिंह, उसकी माता पासो कौर और पिता परमजीत सिंह ने उनकी बेटी के साथ मारपीट करते उसे घर से निकाल दिया। इससे परेशान होकर उसकी बेटी ने राजस्थान फीडर में कूद कर जान दे दी।
पति समेत सास-ससुर पर मामला दर्ज
थाना सदर पुलिस ने मृतका का शव बरामद होने के उपरांत बुधा सिंह के ब्यान पर विवाहिता के पति मंगा सिंह, सास पासो कौर व ससुर परमजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मामले के जांच अधिकारी एसआई पूर्ण सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।