लुधियाना के श्री माछीवाड़ा साहिब ने एक युवक ने शेयर बाजार में नुकसार होने पर फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक मूल रूप से बिहार के चितकारा का रहने वाला था। मृतक की पहचान नीरज कुमार के तौर पर हुई है।
सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी मौत का कारण शेयर बाजार में पड़े घाटे के बाद मानसिक रूप से परेशान होना बताया है। उसने लिखा है कि इसके लिए उसके परिजनों को परेशान न किया जाए। घटना की जानकारी मिलते ही माछीवाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सुसाइड नोट, मोबाइल और अन्य कागजात कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कई साल प्राइवेट मिल में काम कर चुके नीरज कुमार पुत्र रमेश कुमार ने चार साल पहले ही शेयर मार्केट का काम शुरू कर दिया था। दिसंबर से उसमें घाटा पड़ने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
सुंदर नगर में दविंदर सिंह के घर किराए पर रहने वाले नीरज के पड़ोसियों ने बताया कि उसकी पत्नी दो वर्ष की बेटी के साथ कुछ दिन पहले ही मायके गई थी। नीरज के पहचान वाले राजिंदर और नवीन ने बताया कि कल रात से नीरज ने उनका फोन नहीं उठाया तो रविवार दोपहर वह उसके घर पहुंचे। आस पड़ोस वालों ने घर का दरवाजा तोड़ा जिसके बाद नीरज की आत्महत्या के बारे में पता लगा।