सेक्टर-10 स्थित डीएवी कालेज की छात्रा को कालेज के बाहर से एक युवक अपहरण कर ले गया। इसके बाद उसने उसके परिजनों और रिश्तेदारों को फोन कर उनसे अभद्रता की। सेक्टर-47 निवासी व्यक्ति ने पुलिस में केस दर्ज करा दिया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारा लेकिन वह फरार चल रहा है।
सेक्टर-47 निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी भतीजी सेक्टर-10 डीएवी कालेज से एमए कर रही है। मंगलवार को वह कालेज गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। कालेज में जाने के बाद पता चला कि उसकी भतीजी को मुकेरियां निवासी आशीष अरोड़ा कालेज के बाहर से कार में अपहरण कर ले गया है।
जब उन्होंने भतीजी के मोबाइल पर फोन किया तो पहले उसे काट दिया गया। इसके बाद आशीष ने अपने मोबाइल सेे उनको फोन कर गाली देनी शुरू कर दी। उसने दावा किया कि उसने उनकी भतीजी का अपहरण किया है।