हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने कैथल और कुरुक्षेत्र से 8.5 किलो अफीम जब्त कर मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
शाहाबाद में अफीम के साथ दो को पकड़ा
स्पेशल टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए शाहाबाद के गांव त्योड़ा थेह से एक ट्रक से पांच किलो अफीम बरामद करके दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि टास्क फोर्स को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक जो कि दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहा है, अगर उसकी जांच की जाए तो उससे बड़ी मात्रा में अफीम बरामद की जा सकती है।
इस पर एसटीएफ टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, एचसी बलकार, एचसी दिनेश, एचसी रोहित व कुलदीप की टीम शनिवार को शाम करीब 6 बजे शाहाबाद के त्योड़ा थेह पर पहुंची और नाकाबंदी करके ट्रक की पहचान करके उसे रुकने का इशारा किया।
ट्रक रूकने पर टीम ने तलाशी ली तो ट्रक के केबिन से अफीम बरामद हुई जिसका वजन पांच किलो 100 ग्राम मिला। टीम ने ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान इरशाद और अशफाक निवासी झारखंड के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ शाहाबाद थाना में नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।