जीएम हरबख्श सिंह की दोबारा तैनाती के मुद्दे पर पीआरटीसी वर्कर्स यूनियन (आजाद) और सरकारी अमले में वीरवार को बस स्टैंड पर झड़प हो गई।
इस दौरान एक पदाधिकारी ने खुद को आग लगा ली, जबकि तीन अन्य चोटिल हो गए। 40 फीसदी जल चुके पदाधिकारी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से हालात को काबू किया।
पीआरटीसी कपूरथला के जीएम हरबख्श सिंह ढिल्लों की दोबारा तैनाती से नाराज चल रहे पीआरटीसी वर्कर्स यूनियन (आजाद) के पदाधिकारी बुधवार से हड़ताल पर हैं।
वीरवार सुबह लगभग 11 बजे पद संभालने आए हरबख्श सिंह ढिल्लों को पीआरटीसी यूनियन के पदाधिकारियों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद हालात तनाव पूर्ण हो गए।
सरकारी अमला जीएम को चार्ज दिलवाना चाहता था, लेकिन यूनियन के पदाधिकारी ऐसा होने नहीं दे रहे थे। इस पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
झड़प में यूनियन के चार पदाधिकारी घायल हो गए। जीएम के चार्ज लेने के प्रयास से हालात इतने तनावपूर्ण हुए कि इससे नाराज यूनियन के जनरल सचिव जीवन सिंह पुत्र मरूक सिंह निवासी बागड़ीया जिला तरनतारन ने तेल डालकर खुद को आग लगा ली।