काम से वापस लौट रहे दो भाइयों पर उनके साथियों ने ही चाकू से हमला कर बुरी तरह घायल किया। पुलिस ने हमला करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। हल्लोमाजरा निवासी बृजलाल ने बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे वह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की दुकान से भाई बीरबली के साथ घर लौट रहे थे।
जब वह हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर पहुंचे तो चार युवकों पिंकेश, साहिब सिंह, चंदरवीर और संतोष ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाइयों के सिर व हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों के चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। लोगों को आते देख आरोपी वहां से भाग गए। इसी बीच किसी ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पीसीआर घायलों को जीएमसीएच-32 ले गई।
पीड़ितों के बयान लेने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी पीड़ितों के साथ ही दुकान में काम करते हैं। वारदात वाले दिन दोपहर में दोनों पक्षों के बीच दुकान पर झगड़ा हुआ था। बदला लेने के लिए आरोपियों ने दोनों भाइयों पर हमला किया था।