चंडीगढ़ में सेक्टर-50सी में टैक्सी स्टैंड के नजदीक वीरवार सुबह एक तेज रफ्तार वरना कार ने पीजीआई लॉ अफसर की होंडा कार समेत सेंट्रो को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि अफसर की कार पलटकर कर दूर जा गिरी। घटना के बाद वरना कार छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। घटना में अफसर और सेंट्रो चालक को गंभीर चोटें आईं। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों की पहचान तेजिंदर सिंह बग्गा (59) और सेंट्रो चालक पारस (23) के रूप में हुई है।
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने पीजीआई लॉ अफसर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। घटना वीरवार सुबह करीब 11 बजे की है। पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि सेक्टर-50सी में सड़क हादसा हो गया है। सूचना पर पीसीआर समेत सेक्टर-49 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सेंट्रो और वरना कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी, जबकि होंडा सिटी कार सड़क के बीचों बीच पलटी हुई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों के साथ-साथ पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस को दी शिकायत में तेजिंदर सिंह ने बताया कि वह पीजीआई में लॉ अफसर के पद पर तैनात हैं।
वह होंडा कार में सवार थे। सुबह करीब पौने 11 बजे किसी काम से सेक्टर-49 से 50 की ओर जा रहे थे। इतने में तेज रफ्तार वरना कार ने बाईं ओर से उनके कार में टक्कर मार दी। इससे उनकी गाड़ी पलटी खाकर दूर जा गिरी। इतने में वहां से गुजर रही सेंट्रो कार भी इसकी चपेट में आई और तीनों गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक वरना छोड़ मौके से फरार हो गया। वहीं, पुलिस जांच में सामने आया कि वरना हरियाणा नंबर की है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी के मालिक के बारे में पता लगाया जा रहा है, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत घायलों की मदद करने के लिए पहुंच गए। हादसे की वजह से वहां से गुजरने वाले वाहन जाम में फंस गए। पुलिस की मदद से जाम को खुलवाया गया।