सेक्टर-15 में बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाश पर्स छीनकर फरार हो गया। बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सेक्टर 15 के मकान नंबर 369 की रहने वाली बुजुर्ग बसंत खरबंदा (77) से बाइक सवार एक युवक पर्स छीनकर फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वीरवार शाम को करीब 7.45 पर वह सेक्टर 15 में मकान नंबर 312 के पास कार में बैठने जा रही थी, तभी एक युवक बाइक पर आया और पर्स छीन कर फरार हो गया। महिला के अनुसार पर्स में एक डायमंड का टॉप्स , दो हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन, कार की चाबी और तीन एटीएम व क्रेडिट कार्ड कार्ड थे। जिस समय वारदात हुई महिला उसी सेक्टर में स्थित ब्रह्मकुमारी के सेंटर से घर लौट रही थी। पीड़ित महिला का कहना है कि रात का अंधेरा होने की वजह से वह बाइक का नंबर भी नोट नहीं कर पाई। बाइक पर एक लड़का था और उसने हेल्मेट भी नहीं पहन नहीं रखा था।
महिला ने किसी तरह घर पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर सेक्टर 11 थाना पुलिस पहुंची और पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एरिया में नाका बंदी भी लेकिन आरोपी का कुछ पता नहीं चला।