सेक्टर-7 की मार्केट के बाहर टीचर से पर्स स्नैचिंग की कोशिश
एक महिला टीचर ने स्नैचर का बहादुरी से मुकाबला किया, लेकिन इसमें वह बुरी तरह घायल हो गई। हैरत की बात यह है कि सेक्टर-7 की मार्केट के बाहर सड़क पर बेखौफ स्नैचर ने पर्स छीनने के चक्कर में महिला को करीब 30 फुट तक घसीटता ले गया। इस दौरान मौजूद भीड़ में से किसी ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश नहीं की।
वारदात सेक्टर-सात की मार्केट के बाहर मंगलवार को दोपहर करीब 2.15 बजे हुई। सेक्टर-16 निवासी महिला टीचर अनुपमा वर्मा सेक्टर-सात मार्केट से निकलकर सेक्टर-16 स्थित घर जाने के लिए जैसे ही कार में बैठने जा रही थीं, तभी बाइक पर बिना हेलमेट लगाए बाइक सवार एक स्नैचर उनसे पर्स छीनने लगा।
महिला ने स्नैचर का लगातार विरोध किया, बावजूद इसके स्नैचर ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी और महिला को साथ घसीटता रहा। आखिरकार जब बाइक असंतुलित होने लगी तो आरोपी ने महिला का पर्स छोड़ दिया। लेकिन घसीटने से महिला की बाजू, पांव में काफी चोटें आईं हैं।
पीड़ित महिला के पति ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। सेक्टर-छह निवासी बॉबी सिंह ने कहा कि महिला ने स्नैचर का डटकर मुकाबला किया, लेकिन पर्स नहीं छोड़ा। पंचकूला में बढ़ते अपराध को लेकर उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। उधर, सेक्टर-पांच थाने के एसएचओ ने कहा कि कोई ऐसी घटना नहीं हुई है, इसलिए मामला भी दर्ज नहीं किया गया है।