लंबे समय के बाद पंचकूला पुलिस ने स्नैचरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा स्नैचरों के एक गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राथमिक पूछताछ में उन्होंने विभिन्न सेक्टरों में एक दर्जन से ज्यादा वारदात में अपनी संलिप्ता स्वीकार की है। उन्होंने गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी खुलासा किया, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें जगह-जगह दबिश दे रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को दो दिनों के रिमांड पर लिया है, ताकि अन्य खुलासे हो सकें।
पुलिस के मुताबिक, चंडीगढ़ के विकास नगर निवासी मनीष उर्फ मच्छी, मुनीर और आसिफ को मुखबिरी के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
प्राथमिक पूछताछ के आधार पर जब पुलिस को लगा कि इन आरोपियों से कई वारदात की गुत्थी सुलझ सकती है तो पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों का रिमांड मांगा और कोर्ट ने स्वीकार करते हुए दो दिनों के रिमांड पर तीनों आरोपियों को भेज दिया।
एक साल में 100 से ज्यादा स्नैचिंग
पिछले साल पंचकूला में स्नैचरों का जबरदस्त खौफ रहा। उनके हौसले इतने बुलंद थे कि महिलाओं से हैंड पर्स, बैग, चेन की स्नैचिंग करने के अलावा वे सड़क पर मोबाइल पर बातचीत करते जा रहे महिलाओं के मोबाइल भी छीनकर फरार हो जाते थे।
इन वारदात में कई महिलाएं गिरकर घायल भी हो चुकी हैं। और तो और स्नैचरों का आतंक सेक्टरों के अलावा इंडस्ट्रियल एरिया तक भी पहुंच चुका था। इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में मोबाइल छीनने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो एक साल में 100 से ज्यादा स्नैचिंग की वारदात हुई थी।