पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बड़ा हादसा हुआ है। निर्माणाधीन शैलर गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई और सात लोगों के घायल होने की खबर है। घटना खमाणों सब-डिवीजन के गांव लखनपुर में रविवार सुबह 11 बजे निर्माणाधीन शैलर की 30 फुट ऊंची और 50 फुट लंबी दीवार गिर गई। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। सात घायल मजदूरों को चंडीगढ़ 32 अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर दीवार पर लिपाई कर रहे थे। दीवार गिरने के बाद गांव के लोगों ने अपने निजी वाहनों से घायलों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया।घटना की सूचना मिलते ही विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी समेत डीसी शिवदुलार सिंह, एसएसपी अल्का मीणा, खमाणों एसएचओ नवदीप सिंह समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया। थाना खमाणों की पुलिस ने शैलर बनवा रहे राजेश कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मृतकों की पहचान जगजीत सिंह, मनजीत सिंह, कामेश्वर मुखिया पुत्र राजकुमार निवासी फरोर उत्तर प्रदेश, मिस्त्री रणवीर सिंह, ठेकेदार हरप्रीत सिंह और रघवीर सिंह पुत्र सेवा सिंह गांव फरोर के तौर पर हुई है। रघवीर सिंह ने चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल में दम तोड़ा। जख्मियों में जसवीर सिंह, हरभजन सिंह दोनों निवासी फरोर, लखवीर सिंह, मक्खण सिंह और कुलवंत सिंह चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
ढही दीवार
जानकारी के अनुसार संगरूर निवासी शैलर मालिक राजेश कुमार गांव में जमीन खरीदकर वहां बड़ा शैलर बना रहा था। शैलर की बड़ी-बड़ी दीवारों में न तो कोई पिल्लर खड़ा किया गया और न ही बीम वगैरह डाला गया। यहां तक की शैलर की दीवार की भी मिट्टी से लिपाई की जा रही थी। मिट्टी की दीवार पर पानी से तराई की जा रही थी तो दीवार गीली होने के कारण गिर गई।
शैलर की नींव भी मिट्टी से बनाई गई थी। यहां पिछले तीन महीनों से काम चल रहा था। शैलर मालिक के साथ करीब 10 मजदूर धूरी से आकर यहां मजदूरी करते थे और यहीं रहते थे। 7-8 अन्य मजदूर इसी गांव और आसपास के इलाकों के थे। ग्रामीणों के अनुसार शैलर मालिक काम जल्दी निपटाने के चक्कर में था और इसी कारण ये हादसा हुआ। लंबी दीवारों पर लिपाई करने से पहले उसे कई दिनों तक सुखाया जाता है लेकिन बरसाती मौसम के चलते दीवार को दोबारा गीला कर लिपाई करवाई जा रही थी।
शैलर मालिक राजेश कुमार, हिमांशु बंसल, अवतार सिंह उर्फ भोला के खिलाफ धारा-304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शैलर निर्माण में बरती गई लापरवाही के लिए डीएंडआर को रिपोर्ट भेजी गई है, बाकी कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। - नवदीप सिंह, एसएचओ, खमाणों
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, एक-एक लाख की राहत
लखनपुर में शैलर की दीवार गिरने से मारे गए छह मजदूरों की मौत पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शोक जताया है। डीसी शिवदुलार सिंह ढिल्लों ने बताया कि मुख्यमंत्री की तरफ से हादसे में मारे गए मजदूरों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। सीएम ने लोक निर्माण विभाग से भी तकनीकी जांच रिपोर्ट मांगी है।