सीबीआई ने नेशनल शूटर सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी की हत्या के मामले में वीरवार को जांच से जुड़े पुलिस अफसरों से पूछताछ की। वीरवार को दोपहर सिप्पी की हत्या के मामले की जांच में शामिल अफसरों को सीबीआई ने सेक्टर 30 स्थित कार्यालय में बुलाकर पूछताछ की। हत्या के समय जांच से जुड़े सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों, क्राइम ब्रांच में उस समय तैनात कर्मियों से सीबीआई ने जांच से संबंधित कई पहलुओं पर लगभग घंटों पूछताछ की।
मामले में पुलिस की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट की भी जांच की गई। देर शाम तक सीबीआई कार्यालय में मामले से जुडे़ कई अफसरों से सीबीआई की पूछताछ चलती रही।
सूत्रों का कहना है कि सीबीआई की जांच में शामिल होने से पहले पुलिस कर्मचारी पुलिस मुख्यालय पहुंचे। जहां उनकी आला अधिकारियों से भी जांच में शामिल होने के विषय में लंबी चर्चा हुई। इसके बाद वह पूछताछ में शामिल होने के लिए गए।
गौरतलब है कि पिछले साल 20 सितंबर को सेक्टर 27 में सिप्पी का शव लहूलुहान हालत में मिला था। जिसके बाद परिजनों ने तत्कालीन पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट की सिटिंग जज की बेटी पर हत्या का शक जताया था। 22 जनवरी को कोर्ट में सुनवाई के दौरान पुलिस ने बताया था कि मामला सीबीआई को जांच के लिए ट्रांसफर कर दिया है। 16 अप्रैल को सीबीआई ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।