घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोग व मृतक की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के अमृतसर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार को दिनदहाड़े एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब वे लूट की नीयत से पूर्व एसडीओ राजिंदर कालिया की दुकान में पहुंचे। सूचना मिलने पर एडीसीपी सिटी-2 प्रभजोत विर्क, एसीपी सरबजीत सिंह व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले में जांच शुरू कर दी।
भल्ला कॉलोनी गली जामुन वाली निवासी स्नेह लता ने बताया कि उनके पति राजिंदर कालिया बतौर एसडीओ रिटायर्ड हैं। सेवामुक्त होने के बाद उनके पति दुकान करते हैं। करीब पौने चार बजे उनके पति दुकान पर बैठे थे। एक बाइक पर तीन बदमाश दुकान पर कुछ सामान खरीदने के बहाने पहुंचे और कुछ खाने-पीने का सामान मांगा।
स्नेहलता ने बताया कि जैसे उसके पति ने उन्हें सामान देने के लिए फ्रिज की ओर मुड़े तो इनमें से दो ने गोलक से पैसे निकाल लिए। उनके पति ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका तो एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उन पर फायर कर दिया। गोली सीधे छाती में लगी। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया।
छेहरटा थाने के प्रभारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर लुटेरों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पता लगा कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।