एक युवक को पड़ोस में शराब पीकर गाली-गलौज करने वालों को रोकना इतना महंगा पड़ गया कि उसे अपनी जान से ही हाथ धोना पड़ा। शराबी युवकों ने दो गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
रभड़ा निवासी संदीप (32) सोमवार देर शाम खेतों पर काम करके घर लौटा था।
परिजनों के अनुसार पड़ोस के मकान में कुछ युवक शराब पी रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। संदीप ने युवकों को ऐसा नहीं करने के लिए कहा। आरोप है कि उन युवकों ने संदीप को ही गाली देनी शुरू कर दी। इस पर परिजनों ने बीचबचाव किया और संदीप को घर ले गए।
हालांकि कुछ देर बाद कुछ युवक और महिलाएं एकत्र होकर संदीप के घर आए और ईंट-पत्थर और डंडो से हमला कर दिया। इसी दौरान कुछ लोगों ने संदीप पर गोलियां चला दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस घटना में संदीप की मां को भी चोटें आई हैं और उसकी नई बाइक को तोड़ दिया गया है।
संदीप एयरटेल कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर था, लेकिन पिछले छह महीने से घर पर ही रहकर खेती कर रहा था। वह गांव में डेयरी फार्म खोलना चाहता था। संदीप के दो बच्चे हैं। बड़ा लड़का जहां छह साल का है वहीं बेटी चार साल की है। परिवार में संदीप ही सबसे बड़ा था। परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं।