टिक टॉक पर वीडियो बनाने की साजिश रच दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने अपने दोस्त को फांसी के फंदे पर टांग दिया। गनीमत रही की रस्सी कमजोर निकली और वह टूट गई। इससे उसकी जान बच गई। 22 अक्तूबर को एक साथ स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो दोस्तों ने टिक टॉक पर वीडियो बनाने की योजना बनाई।
इसमें एक दोस्त ने दूसरे को पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाने और खुद उसका वीडियो बनाने के लिए कहा। योजना के तहत दोनों खेत में गए और वहां पर एक पेड़ पर रस्सी के साथ फांसी लगाने की तैयारी की। इसमें एक किशोर ने पेड़ पर चढ़कर रस्सी को पेड़ से बांध दिया व इसके फंदे को गले में डाल लिया और फांसी लगाने की तैयारी के साथ रस्सी से लटक गया।
दूसरा दोस्त इस मौत के खेल का वीडियो अपने मोबाइल में कैद करता रहा। इसी दौरान रस्सी कमजोर होने के कारण टूट गई और फांसी लगाने वाला छात्र नीचे गिर गया। इससे उसके मुंह व गले पर चोट लगी। बेटे के गिरने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद घायल के चाचा सत्यवान ने वीडियो बनाने वाले दोस्त के खिलाफ साजिश के तहत उसके भतीजे को जान से मारने की शिकायत सदर थाना नरवाना में दी। पुलिस ने सत्यवान की शिकायत पर वीडियो बनाने वाले दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।