हॉकी उपनिदेशक मैदान में प्रेक्टिस नहीं कराते हैं, बल्कि खिलाड़ियों के साथ बदतमीजी करते हैं। प्रैक्टिस करने के लिए मुझे प्रीतम सिवाच के पास सोनीपत आना पड़ता है। सुखमणि का आरोप है कि बलदेव सिंह जान बूझकर उसका करियर बर्बाद करने पर तुले हैं। अगर उनके खिलाफ कोई बोलता है तो वे कुछ खिलाड़ियों के परिजनों को इकट्ठा कर लेते हैं।
यह कहना है एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं, 2012 में न्यूजीलैंड जाने वाली भारतीय टीम में शामिल और गोलकीपर सुखमणि का। अमर उजाला से टेलीफोन पर बातचीत में सुखमणि ने आरोप लगाया है कि कैंप से बलदेव सिंह ने बिना किसी वजह के ही उसका नाम काटा था।
यही नहीं वह इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं, इसके बावजूद उसकी जगह पर एक नेशनल खिलाड़ी को कैंप में शामिल किया गया। पिछली बार कैंप में उसका नाम था, इसके बावजूद उसे साथ नहीं ले जाया गया।
अन्य खिलाड़ी भी आने लगी हैं सामने
गौरतलब है कि पूर्व महिला कोच और एक खिलाड़ी द्वारा हॉकी उपनिदेशक बलदेव सिंह पर शोषण और बदतमीजी के आरोप लगाए गए हैं। शाहाबाद निवासी खिलाड़ी ने बलदेव सिंह पर कई तरह के आरोप लगाए हैं।
अब मामला तूल पकड़ रहा है। अन्य खिलाड़ी भी आगे आने लगे हैं। शुक्रवार को एक और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ने बलदेव सिंह पर करियर तबाह करने का आरोप लगाया।
उधर, मामले में हॉकी उपनिदेशक बलदेव सिंह पहले ही आरोपों को नकार चुके हैं। उनका कहना है कि उनको बेवजह परेशान किया जा रहा है। कुछ लोग उनके एक्सटेंशन के खिलाफ हैं, इसी वजह से यह दुष्प्रचार किया जा रहा है।
कई और खिलाड़ी भी हैं परेशान
भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान एवं पूर्व कोच प्रीतम सिवाच का कहना है कि बलदेव सिंह से कई अन्य खिलाड़ी भी परेशान हैं। सभी खिलाड़ी धीरे-धीरे सामने आएंगी।
प्रीतम के अनुसार कई खिलाड़ियों ने तो बलदेव सिंह के कारण घर बैठना ही पसंद किया है। प्रीतम ने आरोप लगाया है कि बलदेव सिंह के कारण हॉकी बर्बाद हो रही है। प्रीतम ने इस मामले में खेलमंत्री से हस्तक्षेप कर बलदेव सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील भी की है।