रुपये और टॉफी का लालच देकर सरकारी स्कूल की 7 सात बच्चियों का यौन शोषण करता था बूढ़ा। वारदात हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी खंड का है। यहां के एक गांव में 7 बच्चियों के यौन शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इनमें से चार बच्चियों के साथ दुराचार और तीन के साथ छेड़छाड़ की बात पुलिस जांच में पता चली है। बच्चियों की उम्र पांच से नौ साल के बीच है। सभी बच्चियां गरीब और मजदूरी पेशा परिवारों से हैं। आरोपी इन्हें कुछ रुपये और टॉफी का लालच देकर अपने घर बुलाता था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छोटी बच्चियों को गांव का एक अधेड़ व्यक्ति कई दिनों से अपने घर बुला रहा था। बच्चियों को रुपयों का प्रलोभन देकर वह उनका यौन शोषण करता रहा।
नासमझ बच्चियां पैसे और चीज के लालच में उसके घर जाती थीं। यौन शोषण का शिकार हुए कुछ बच्चियों ने जब स्कूल की टीचर को इस बारे में बताया तो टीचर ने चाइल्ड हेल्पलाइन को इस बारे में सूचना दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन की सदस्यों ने सोमवार को गांव में आकर इस छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम आरोपी को गांव से गिरफ्तार कर लिया।
जिन बच्चियों का यौन शोषण हुआ है, वे 5 से 9 साल की
अभिभावकों ने नहीं किया सहयोग: चाइल्ड हेल्प लाइन की डायरेक्टर अंजू बाजपेयी ने बताया कि करीब 10 दिन पहले स्कूल की टीचर ने उनको फोन किया और बच्चियों का मेडिकल करवाने की बात कही थी। हमने गांव में जाकर पूछताछ की तो बच्चियों के अभिभावकों ने सहयोग नहीं किया। उल्टा, उन्होंने बच्चियों को स्कूल भेजना बंद कर दिया।
जांच में सामने आया कि स्कूल की चार बच्चियों के साथ दुराचार हुआ है और तीन के साथ छेड़छाड़ हुई है। दूसरी बच्चियों के साथ भी छेड़छाड़ की संभावना पर जांच की जा रही है।
पैसे देकर करता रहा यौन शोषण: जिन बच्चियों के साथ यौन शोषण हुआ है, वे पांच से नौ साल की उम्र की और नर्सरी से चौथी कक्षा तक में पढ़ती हैं। आरोपी से पैसे लेने के बाद कुछ बच्चियां तो अपने साथ दूसरी बच्ची को यह कहकर ले जाती थीं कि अंकल पैसे देंगे। दुराचार का शिकार हुई एक बच्ची के प्राइवेट पार्ट से कई दिनों तक ब्लीडिंग होती रही।
कहा तो ये भी जा रहा है कि मामला सामने आने के बाद गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन बच्चियों के परिवार वाले गरीब और दूसरे प्रदेश के होने के कारण यह मामला दबा दिया गया। अब भी बच्चियों के अभिभावक खामोश हैं। उन्होंने अपनी बच्चियों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। स्कूल में 150 से अधिक छोटी बच्चियां पढ़ती हैं।
राजेंद्र कुमार, डीएसपी जगाधरी ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ यौनाचार का मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चियों के साथ दुराचार हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।