नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के चार बजे हुए सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई। मरने वालों में तीन बच्चे बताए जा रहे हैं। हादसा हरियाणा में अंबाला-दिल्ली हाईवे पर बलदेव नगर इलाके में हुआ। हादसे का कारण घना कोहरा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सड़क पर खड़ी दो गाड़ियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। वहीं गाड़ियों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास लोग दौड़े आए और घायलों को निकाला।
पुलिस को भी खबर दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मरने वालों में तीन बच्चे भी हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंडीगढ़ से वृंदावन जा रहे थे
जानकारी के मुताबिक, सभी आपस में जानकार थे और टवेरा गाडी न0 एचआर68- 5015 व सीएच04 एच-5002 में सवार होकर चंडीगढ़ से वृंदावन के लिए निकले थे। लेकिन अम्बाला में एक गाड़ी खराब हो गई, तो दोनों गाड़ियां सड़क किनारे लगा दी गई। इस दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने गाड़ियों को टक्कर मार दी।
हादसे में कविता कपूर उम्र 36 साल पत्नी राजेश कपूर, रंजना उम्र करीब 18 साल पुत्री राजेश, हर्षिता उम्र करीब 9 साल पुत्री राजेश, आशा रानी उम्र 46 साल पत्नी स्वर्गीय गुरदीप सिंह, पीयूष उम्र करीब 5 साल, निवासी मकान न0 73ए सेक्टर 30 चंडीगढ़ घायल हो गए। चालक सुरेश कुमार, सुनीता, रेणुका शर्मा और पलक निवासी चंडीगढ़ को भी चोटें आईं।
सभी को घायल अवस्था मे सिविल हस्पताल अम्बाला लाया गया, जहां कविता कपूर, रंजना, हर्षिता, आशा रानी, पीयूष व गाडी न0 एचआर68- 5015 के चालक सुरेश कुमार उम्र 45 साल की मौत हो गई। वहीं घायल सुनीता, रेणुका शर्मा और पलक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।