पंजाब पुलिस के मोहाली स्थित खुफिया मुख्यालय पर नौ मई को हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा फिर से पंजाब में दहशत फैलाने की फिराक में है। मुंबई में इस हमले के किंगपिन और लंडा के मुख्य गुर्गे चढ़त सिंह की गिरफ्तारी के बाद वह बौखलाहट में है।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि इंटेलिजेंस इनपुट पर पंजाब पुलिस ने किसी तरह की आशंका से निपटने की तैयारी कर ली है। पंजाब पुलिस की एक टीम जहां कल ही मुंबई से चढ़त सिंह को गिरफ्तार कर मोहाली ले आई है, वहीं पुलिस की अन्य टीमें कनाडा में छिपे लंडा और पाकिस्तान में शह लेकर रह रहे गैंगस्टर रिंदा के नेटवर्क को खंगाल रही हैं।
गौर हो कि मोहाली आरपीजी अटैक को लेकर चढ़त सिंह को लंडा ने हथियारों की खेप मुहैया करवाई थी, जबकि रिंदा ने उसे हमले को लेकर लॉजिस्टिक सपोर्ट दी थी। इस मामले में दोनों गैंगस्टरों के अलावा हमले में शामिल आरोपी दीपक की गिरफ्तारी बाकी है। वहीं, पुलिस ने चढ़त सिंह को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
चढ़त की गिरफ्तारी को इसलिए भी अहम माना जा रहा है कि क्योंकि उससे इस बात का खुलासा हो सकता है कि पाकिस्तान समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी संगठन के तार पंजाब में और कहां-कहां से जुड़े हैं। बहरहाल, पुलिस लंडा को लेकर खुफिया सूचना पर अलर्ट हो गई है। आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल का कहना है कि लंडा पंजाब में फिर से दहशत फैलाने की फिराक में है। पुलिस किसी भी तरह की आशंका को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। जल्द हमले में शामिल दीपक झज्जर को भी गिरफ्तार किया जाएगा।