चंडीगढ़ में छात्रसंघ चुनाव से पहले मंगलवार आधी रात को एसडी कॉलेज के कुछ छात्रों पर ईंट-पत्थरों से हमला करने का एक मामला सामने आया है। सेक्टर-49 में देर रात करीब दो बजे घटना हुई। एसडी कॉलेज में एनएसयूआई पार्टी से जुड़े बीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थी हेमंत कुमार ने बताया कि वह अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी मनाने दोस्तों के साथ सेक्टर-9 गए थे। साथ में करीब 10-12 दोस्त थे। पार्टी के बाद रात लगभग 1:30 बजे वह अपने एक दोस्त को सेक्टर-48 स्थित घर छोड़ने जा रहे थे। मगर इससे पहले वह सेक्टर-49 में मंडी ग्राउंड में थोड़ी देर रुके। तभी यहां पर सात से आठ गाड़ियों में कुछ युवक पहुंचे। उन्होंने ईंट और पत्थर से हमला करना शुरू कर दिया।
हेमंत ने बताया कि इस दौरान उनके सिर पर चोट लगी और सेक्टर-32 अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उनके सर पर छह टांके लगाए गए हैं। वहीं कॉलेज के एक अन्य छात्र सहज के सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोट आई। नालागढ़ के रहने वाले दोस्त प्रभाव के पैर में चोट आई है।
हेमंत के मुताबिक आरोपियों ने उनके दोस्तों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की। हेमंत ने बताया कि हमलावर डेराबस्सी और मोहाली जैसी जगह के थे। हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की शिकायत तुरंत पुलिस को 112 नंबर पर दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सेक्टर-32 अस्पताल पहुंचाया। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ गैर-कानूनी ढंग से इकट्ठा होने और दंगा करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। हेमंत का कहना है कि पुलिस को मामले में हत्या के प्रयास की धारा में केस दर्ज करना चाहिए। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।