सतलोक आश्रम मामले में रामपाल के बाद बबीता के खातों में सबसे अधिक माल मिला है। बरवाला में अकेली बबीता के नाम अलग-अलग पांच अकाउंट खुले हुए थे, जिनमें करीब पुलिस को साढ़े तीन लाख रुपये मिले हैं। इसके अलावा पुलिस ने बबीता के घर से उसके द्वारा छिपाए गए आठ लाख रुपये की बरामदगी की है। पूरे मामले की रिपोर्ट पुलिस ने हाईकोर्ट के समक्ष पेश की है।
पुलिस रिपोर्ट में रामपाल की पूरी संपत्ति और बैंक खातों का ब्यौरा दिया गया है। इसमें अलग-अलग ट्रस्ट के नाम खाते, बबीता के नाम और उसके पिता बलजीत के नाम खाते हैं। ट्रस्टों के नाम विभिन्न बैंकों में खोले गए खातों में 71 लाख रुपये से अधिक की राशि है।
इसके अलावा बबीता के नाम पांच खाते खुले हैं, ये सब ऑरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में हैं। इनमें एक खाते में 1 लाख से अधिक, दूसरे में 52 हजार, तीसरे में 1 लाख 4 हजार, चौथे खाते में 51 हजार 1616 रुपये और पांचवें खाते में 20 हजार रुपये की नकदी मिली है। जांच में बबीता के पिता बलजीत के खाते में भी 1 लाख 53 हजार रुपये मिले हैं।
58 एकड़ जमीन खरीदने को हो चुका था एग्रीमेंट
रिपोर्ट में हाईकोर्ट के समक्ष बरवाला पुलिस ने पेश किया है कि रामपाल बरवाला के गांव खरकड़ा में 52 एकड़ तीन मरला जमीन खरीदना चाहता था। इसके लिए उन्होंने कबीर परमेश्वर भक्ति ट्रस्ट के नाम पर सामने वाली पार्टी को पांच करोड़ रुपये एग्रीमेंट दे रखा था। इसके अलावा गैबीपुर में रामपाल का यही ट्रस्ट 6 एकड़ 4 मरला जमीन ले चुका था, जिसके एग्रीमेंट के रूप में वह 37 लाख रुपये सामने वाली पार्टी को दे चुका था।
कई प्रॉपर्टी की हो चुकी है रजिस्ट्री
पुलिस ने रामपाल विभिन्न ट्रस्टों की प्रॉपर्टी रिपोर्ट भी दी है। इन सभी की तहसीलदार से रजिस्ट्री करवाई गई है। सतलोक आश्रम की टोहाना रोड पर 11 एकड़ 6 कनाल से अधिक जमीन है। बरवाला में ही ढाणी प्रेम के पास 9 मरला, दौलतपुर रोड आश्रम में 7 कनाल 19 मरला, करौंथा रोहतक में 32 कनाल 16 मरला, बैतूल एमपी के गांव उरधान में 68 एकड़ 13 मरला व पंजाब के तहसील धूरी जिला संगरूर में 3 कनाल 12 मरला जमीन है। ये सभी अलग-अलग ट्रस्ट के नाम है।