समझौता ट्रेन ब्लास्ट मामले में असीमानंद सहित चार आरोपी और पांच गवाह शुक्रवार को पंचकूला की सेशन कोर्ट में पेश हुए। अभी तक इस मामले में कुल 163 गवाह पेश हो चुके हैं। वहीं आज पांच की गवाही हुई।
न्यायाधीश रवि कुमार सौंधी ने इस मामले में एविडेंस के लिए 16 अप्रैल की तारीख लगाई है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एनआईए की टीम और भारी पुलिस की निगरानी में समझौता ट्रेन विस्फोट मामले में आरोपी स्वामी असीमानंद, लोकेश शर्मा, राजेंद्र चौधरी सहित कुल चार आरोपी पेश किए गए। इसके अलावा मध्य प्रदेश से पांच लोग गवाही के लिए पहुंचे। करीब दो घंटे तक आरोपी और गवाह कोर्ट परिसर में मौजूद रहे।