बहुचर्चित समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट मामले में शनिवार को सुनवाई के दौरान तीन और गवाह अपने बयानों से मुकर गए। गौरतलब है कि शुक्रवार को पहले ही इस मामले में तीन गवाह मुकर गए थे।एनआईए के वकील राजन मल्होत्रा ने बताया कि दो गवाह विजय कुमार और श्रद्धा ने अमित और रामचंद्र कलासंगरे के बीच लिंक स्थापित होने की बात कही।
अमित श्रद्धा के मानवतानगर इंदौर स्थित मकान में किराए पर रहता था। एनआईए के अनुसार, विजय कलासंगरे के लिए मकान ढूंढने में मदद करता था। श्रद्धा और विजय अपने बयान से मुकर गए। एक और गवाह सुभाष छावड़ा, जिसने कमल चौहान के गांव में आरएसएस गतिविधियों करने के संबंध में बात कही पर वह मुकर गया।
असीमानंद, लोकेश शर्मा और राजेंद्र चौधरी के साथ कमल चौहान इस मामले में आरोपी है। गौरतलब है कि इस मामले में आरोपी सुनील जोशी की 29 दिसंबर, 2007 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले से जुड़े संदीप डांगे, रामचंद्र कलासंगरे और अमित उर्फ अश्विनी चौहान सब फरार हैं। इस मामले की अगली सुनवाई 19 अगस्त को होगी।